HTML tutorial
HTML tutorial

सतपुली आत्महत्या प्रकरण: SSP पौड़ी ने दिए निष्पक्ष जांच के निर्देश, थानाध्यक्ष लाइन हाजिर

सतपुली आत्महत्या प्रकरण: SSP पौड़ी ने दिए निष्पक्ष जांच के निर्देश, थानाध्यक्ष लाइन हाजिर
Spread the love

पौड़ी । सतपुली क्षेत्र में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। डायल 112 के माध्यम से मिली सूचना के अनुसार रायपुर गांव स्थित पुल पर युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

सूचना पर थाना सतपुली पुलिस, एसडीआरएफ और फायर टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारा गया। घटनास्थल पर एफएसएल टीम द्वारा फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की गई। मृतक की पहचान पंकज कुमार (20 वर्ष), निवासी रैतपुर, सतपुली के रूप में हुई है। पंचायतनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए राजकीय चिकित्सालय कोटद्वार भेजा गया, जहां डॉक्टरों के पैनल द्वारा परीक्षण किया जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 01 मई को मृतक ने शराब के नशे में मोटरसाइकिल चलाते हुए एक स्थानीय चिकित्सक को टक्कर मार दी थी, जिसमें दोनों घायल हुए। पुलिस द्वारा मेडिकल परीक्षण में युवक के नशे में होने की पुष्टि होने पर उसकी मोटरसाइकिल सीज की गई थी। बाद में परिजनों को बुलाकर युवक को उनके सुपुर्द कर दिया गया था। घायल चिकित्सक और युवक के बीच आपसी समझौते के चलते किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं की गई थी।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने जांच अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार को सौंपी है। साथ ही, जांच पूरी होने तक थानाध्यक्ष सतपुली को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

पुलिस द्वारा सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच की जा रही है। युवक द्वारा लगाए गए आरोपों की भी निष्पक्ष जांच की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles