चारधाम यात्रा में ट्रैफिक प्रबंधन के लिए टिहरी पुलिस अलर्ट, SSP श्वेता चौबे ने 14 पेट्रोलिंग यूनिट्स को किया फ्लैग ऑफ
टिहरी। चारधाम यात्रा सीजन और वीकेंड के चलते बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए टिहरी पुलिस ने व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने यातायात को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से 14 पुलिस पेट्रोलिंग यूनिट्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इन पेट्रोलिंग यूनिट्स में 06 यातायात निदेशालय, 05 सीएसआर और 03 अन्य यूनिट्स शामिल हैं, जो बाइक के माध्यम से यात्रा मार्गों पर लगातार गश्त करेंगी। इनका मुख्य उद्देश्य ट्रैफिक नियंत्रण, जाम की स्थिति का त्वरित समाधान और आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराना है।
यात्रा ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एसएसपी द्वारा उन्हें हैट (टोपी) और रिफ्रेशमेंट वितरित किए गए। इससे भीषण गर्मी में ड्यूटी कर रहे जवानों को राहत मिलेगी और उनका मनोबल भी बढ़ेगा।
इसके साथ ही यातायात व्यवस्था में सहयोग कर रहे वॉलेंटियर्स को टी-शर्ट वितरित कर एक समान पहचान दी गई, जिससे वे बेहतर समन्वय के साथ श्रद्धालुओं की सहायता कर सकें।
इस दौरान एसएसपी श्वेता चौबे स्वयं सड़क पर उतरकर ट्रैफिक व्यवस्था संभालती नजर आईं। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और यातायात को व्यवस्थित किया। उनकी सक्रियता और नेतृत्व से पुलिस बल का उत्साह भी बढ़ा।
एसएसपी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे चारधाम यात्रा के दौरान सतर्कता, संयम और सेवा भाव के साथ कार्य करें, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव मिल सके।
टिहरी पुलिस के इन प्रयासों से यात्रा मार्गों पर यातायात व्यवस्था में सुधार देखने को मिल रहा है और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।

