श्री बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने श्री विश्वनाथ मंदिर में किए दर्शन, मंदिर व्यवस्थाओं और विश्रामगृहों का किया निरीक्षण
रुद्रप्रयाग।श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने आज श्री विश्वनाथ मंदिर, गुप्तकाशी में भगवान विश्वनाथ का विधिवत जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया और बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में बीकेटीसी अध्यक्ष ने गुप्तकाशी और रुद्रप्रयाग स्थित विश्रामगृहों तथा मंदिर समिति के कार्यालयों का भी निरीक्षण किया। रुद्रप्रयाग में उन्होंने बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण के कार्यालय का अवलोकन कर कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
श्री द्विवेदी ने बताया कि तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या अब मुख्यधामों के साथ-साथ सहवर्ती मंदिरों की ओर भी आकर्षित हो रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए मंदिर समिति का प्रयास है कि बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के अतिरिक्त अन्य धार्मिक स्थलों व विश्रामगृहों में भी सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाए।
मंदिर दर्शन और निरीक्षण के बाद बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी व उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण अगस्त्यमुनि विकासखंड मुख्यालय के निकट भाजपा कार्यकर्ताओं से मिले और पंचायत चुनावों में उनकी जीत के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके पश्चात वे चिल्ड्रंस अकादमी इंटर कॉलेज सभागार पहुंचे, जहां उत्तराखंड महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने दोनों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
इस अवसर पर पंचायत चुनाव में विजयी प्रत्याशियों सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से विक्रम सिंह नेगी, दलीप राणा, पंचम सिंह नेगी, पूरण सिंह आदि कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए।

