ऑपरेशन कालनेमी” बना बहरुपियों का काल – हरिद्वार पुलिस ने कोतवाली नगर और श्यामपुर थाना क्षेत्र में 47 फर्जी बाबा व दो महिलाओं को पकड़ा

ऑपरेशन कालनेमी” बना बहरुपियों का काल – हरिद्वार पुलिस ने कोतवाली नगर और श्यामपुर थाना क्षेत्र में 47 फर्जी बाबा व दो महिलाओं को पकड़ा
Spread the love

हरिद्वार। मुख्यमंत्री उत्तराखंड द्वारा शुरू किए गए ऑपरेशन कालनेमी अभियान के अंतर्गत हरिद्वार पुलिस ने आज बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए फर्जी बाबाओं और बहरुपियों के विरुद्ध दो अलग-अलग स्थानों पर सघन अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में कोतवाली नगर तथा थाना श्यामपुर पुलिस ने कुल 47 बहरुपी बाबाओं को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।

कोतवाली नगर क्षेत्र में पुलिस टीम ने हर की पैड़ी और सीसीआर चौक के आसपास चेकिंग अभियान चलाया, जहां बाबा के भेष में लोग तंत्र-मंत्र, जादू-टोना जैसी गतिविधियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भ्रमित कर रहे थे। इनकी उपस्थिति से भीड़भाड़ और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो रही थी, जिसे देखते हुए 27 फर्जी बाबाओं को धारा 172(2) बीएनएसएस* के अंतर्गत हिरासत में लिया गया और उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।

वहीं दूसरी ओर थाना श्यामपुर पुलिस ने चंडीघाट नमामि गंगे घाट और चिड़ियापुर क्षेत्र में अभियान चलाते हुए 20 भेषधारी बाबाओं को पकड़ा, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल थीं। ये सभी भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बाबाओं की वेशभूषा में मौजूद होकर लोगों को तंत्र-मंत्र और झूठे चमत्कारों के ज़रिये आकर्षित कर रहे थे। उनके विरुद्ध भी अग्रिम कानूनी कार्यवाही की जा रही है।

पकड़े गए लोगों में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, पंजाब, पश्चिम बंगाल और नेपाल तक के निवासी शामिल हैं, जो हरिद्वार जैसे धार्मिक नगर की आस्था का दोहन करने में लगे थे।

कोतवाली नगर कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक श्री रितेश शाह की अगुवाई में निरीक्षक वीरेन्द्र चंद्र रमोला, उपनिरीक्षक आशीष नेगी, संजीत कंडारी और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। वहीं श्यामपुर कार्रवाई का नेतृत्व थानाध्यक्ष नितेश शर्मा और चौकी प्रभारी देवेंद्र तोमर ने किया, जिनके साथ पुलिस टीम में हैड कांस्टेबल अनिल कुमार, कांस्टेबल अनिल रावत, कृष्णा भारद्वाज, सुशील चौहान, जितेंद्र घिल्डियाल, महिला कांस्टेबल श्वेता, कांस्टेबल फिरासत और राहुल देव शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles