उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग का रजत जयंती समारोह सम्पन्न, “UKPSC-MITRA” ऐप लॉन्च
हरिद्वार। उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर शुक्रवार को आयोग परिसर में रजत जयंती समारोह का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। समारोह का शुभारम्भ राष्ट्रीय गीत एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
आयोग के अध्यक्ष रवि दत्त गोदियाल ने मुख्य अतिथि के आर्या एवं विशिष्ट अतिथि सुधा रानी पाण्डे सहित उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए आयोग की 25 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आयोग ने अब तक 220 से अधिक परीक्षाओं के माध्यम से 25 हजार से अधिक अभ्यर्थियों का चयन किया है, जबकि पदोन्नति चयन सहित यह संख्या 40 हजार से अधिक हो जाती है।
डॉ. गोदियाल ने कहा कि आयोग पारदर्शी और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया के लिए तेजी से डिजिटल तकनीकों को अपना रहा है। परीक्षाओं के ऑनलाइन प्रबंधन, दस्तावेजों के डिजिटल सत्यापन, उत्तर पुस्तिकाओं के डिजिटल मूल्यांकन और परीक्षा प्रक्रिया के डिजिटलीकरण की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
समारोह में आयोग की रजत जयंती स्मारिका “मेधा” का विमोचन किया गया। साथ ही आयोग के रजत जयंती लोगो का अनावरण भी किया गया। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए “UKPSC-MITRA” मोबाइल ऐप लॉन्च किया गया, जिसके माध्यम से परीक्षाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध होंगी। यह ऐप Google Play Store� से डाउनलोड किया जा सकेगा।
आयोग के सचिव अशोक कुमार पाण्डेय ने आयोग की 25 वर्षों की यात्रा और परीक्षा प्रणाली में एआई, डिजीलॉकर तथा परीक्षा केंद्र प्रबंधन प्रणाली जैसी तकनीकों के उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर आयोग के इतिहास और उपलब्धियों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री का भी प्रदर्शन किया गया।
समारोह में पूर्व अध्यक्ष आनन्द सिंह रावत, एन एस बिष्ट, जी एस नेगी सहित कई पूर्व सदस्य एवं अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए और आयोग की कार्यप्रणाली की सराहना की।
इस दौरान आयोग के पूर्व अध्यक्षों, सदस्यों एवं अधिकारियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

