महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी में शैक्षणिक सभागार भवन का शिलान्यास

Spread the love

यमकेश्वर। योगी आदित्यनाथ ने महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी, यमकेश्वर में बनने वाले शैक्षणिक सभागार भवन का शिलान्यास किया। यह सभागार हेमंत द्विवेदी द्वारा अपने पूज्य दादा स्वर्गीय पंडित तोताराम द्विवेदी की स्मृति में बनवाया जा रहा है।

कार्यक्रम में धन सिंह रावत, महाविद्यालय के प्राचार्य योगेश कुमार शर्मा, जनप्रतिनिधि, छात्रसंघ पदाधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शिक्षा संस्थानों का विकास राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि सीमांत और ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। उन्होंने हेमंत द्विवेदी के इस योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा और संस्कार दोनों को समान महत्व दिया जाना चाहिए।

करीब 1800 वर्ग फीट क्षेत्रफल में बनने वाला यह बहुउद्देशीय सभागार शैक्षणिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं छात्र गतिविधियों के संचालन के लिए उपयोगी होगा। महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इससे विद्यार्थियों को सेमिनार, कार्यशाला, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

क्षेत्रवासियों और छात्रसंघ ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह सभागार विद्यार्थियों के बौद्धिक और सांस्कृतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। निर्माण कार्य आगामी 10 से 15 दिनों में शुरू किया जाएगा।

देवभूमि खबर

Related articles