बिजनौर से चरस लाकर देहरादून में बेचने की फिराक में था तस्कर, 436 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार
देहरादून। नशा तस्करों के खिलाफ दून पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली नगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक नशा तस्कर को 436 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी बिजनौर से चरस खरीदकर देहरादून में नशे के आदी लोगों को महंगे दामों में बेचने की फिराक में था।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा सभी अधीनस्थ अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार में लिप्त व्यक्तियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में 9 सितंबर 2026 को कोतवाली नगर पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान सरस्वती सोनी मार्ग, मातावाला बाग स्थित खाली प्लाट के गेट के पास से प्रमोद कुमार को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 436 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ कोतवाली नगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बरामद चरस को चांदपुर, बिजनौर से स्थानीय लोगों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में सस्ते दामों पर खरीदकर देहरादून लाया था। यहां वह नशे के आदी स्थानीय व्यक्तियों को महंगे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाने की योजना बना रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है और उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी प्रमोद कुमार पुत्र लखपत सिंह निवासी ग्राम ऐथाई, तहसील एवं थाना चांदपुर, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश, उम्र 34 वर्ष है।
पुलिस टीम में निरीक्षक कैलाश चन्द्र भट्ट, प्रभारी कोतवाली नगर देहरादून, उपनिरीक्षक ज्योति प्रसाद उनियाल, चौकी प्रभारी लक्ष्मण चौक, कांस्टेबल मोनू कुमार, कांस्टेबल शैलेन्द्र सिंह और कांस्टेबल अजमेर सिंह शामिल रहे।


