ई-रिक्शा सवार महिला से स्नेचिंग का 6 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
देहरादून। दून पुलिस ने विकासनगर क्षेत्र में ई-रिक्शा सवार महिला के साथ हुई स्नेचिंग की घटना का महज छह घंटे में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया बैग, महत्वपूर्ण दस्तावेज और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर सीज कर दी।
जानकारी के अनुसार 22 मई 2026 को रोशनी देवी निवासी लक्ष्मीपुर बरोटीवाला, सहसपुर अपने पति और पुत्री के साथ ई-रिक्शा से विकासनगर आ रही थीं। इसी दौरान हनुमान धाम चाय बागान के पास बाइक सवार दो युवकों ने उनके हाथ से बैग छीन लिया। बैग में नगदी, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे थे।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर कोतवाली विकासनगर में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की।
तेज कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उसी रात ढालीपुर रोड के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर दो आरोपियों रोहित चौधरी और दानिश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से महिला का छीना गया बैग, आईडी कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए। घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल भी सीज कर दी गई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उन्होंने स्नेचिंग की घटना को अंजाम दिया। जांच में दोनों आरोपियों का पूर्व में भी चोरी और मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में जेल जाना सामने आया है।
गिरफ्तार आरोपियों में रोहित चौधरी निवासी हरबर्टपुर, विकासनगर तथा दानिश निवासी आसनबाग हरबर्टपुर शामिल हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिशुपाल सिंह राणा, उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह गुसाईं, उपनिरीक्षक मयंक त्यागी, उपनिरीक्षक नौशाद अंसारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

