विधायकों को आजीवन इलाज, जनता को सिर्फ 5 लाख का आयुष्मान कवर: रघुनाथ सिंह नेगी

विधायकों को आजीवन इलाज, जनता को सिर्फ 5 लाख का आयुष्मान कवर: रघुनाथ सिंह नेगी
Spread the love

विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने प्रदेश सरकार पर आमजन की स्वास्थ्य सुविधाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।

पत्रकारों से वार्ता करते हुए नेगी ने कहा कि वर्तमान व पूर्व विधायक, मंत्री और उनके परिजनों को आजीवन चिकित्सा प्रतिपूर्ति की सुविधा उपलब्ध है, जबकि आम जनता को आयुष्मान योजना के तहत मात्र 5 लाख रुपये तक का बीमा कवर दिया गया है, जो गंभीर बीमारियों में बेहद अपर्याप्त साबित हो रहा है।

नेगी ने कहा कि कैंसर, किडनी, हार्ट ट्रांसप्लांट और अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज में लाखों रुपये खर्च होते हैं। ऐसे में आयुष्मान कार्ड सिर्फ “कागज का टुकड़ा” बनकर रह जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के वोट से चुनकर सत्ता में पहुंचे जनप्रतिनिधि केवल अपने हितों की चिंता कर रहे हैं, जबकि आमजन आर्थिक तंगी के कारण इलाज के अभाव में दम तोड़ने को मजबूर हैं।

उन्होंने कहा कि कई परिवार गंभीर बीमारी के चलते कर्ज में डूब जाते हैं, घर तक बेचने पड़ते हैं और कई मामलों में लोग आत्महत्या जैसा कदम उठाने को मजबूर हो जाते हैं। इसके बावजूद किसी विधायक या मंत्री ने आमजन के लिए आयुष्मान बीमा कवर बढ़ाने की प्रभावी पहल नहीं की।

मोर्चा अध्यक्ष ने सरकार से मांग की कि गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आयुष्मान योजना का बीमा कवर 5 लाख रुपये से बढ़ाकर कम से कम 15 से 20 लाख रुपये किया जाए, ताकि जरूरतमंद लोगों को राहत मिल सके।
नेगी ने कहा कि जन संघर्ष मोर्चा शीघ्र ही इस मांग को लेकर सरकार के समक्ष अपना पक्ष रखेगा।

पत्रकार वार्ता में पछवादून अध्यक्ष अमित जैन और ब्लॉक मीडिया प्रभारी अतुल हांडा भी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles