एसओजी ने 944 ग्राम चरस व बेतालघाट पुलिस ने 4.880 किलो गांजे के साथ 02 तस्कर दबोचे
नैनीताल। “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन 2025” के तहत चलाए जा रहे अभियान में नैनीताल पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में दो तस्करों को गिरफ्तार कर अवैध नशे की बड़ी खेप बरामद की।
हल्द्वानी में एसपी सिटी प्रकाश चंद्र एवं सीओ सिटी नितिन लोहनी के पर्यवेक्षण में एसओजी प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पंचायत घर के पास चेकिंग के दौरान एक वाहन से रविंद्र आर्य उर्फ रवि निवासी आनंदपुर मुखानी, हल्द्वानी को पकड़ा। आरोपी के कब्जे से 944 ग्राम चरस बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 1.88 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।

वहीं दूसरी ओर बेतालघाट-भुजान मार्ग पर थानाध्यक्ष विजय नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान दीपक उर्फ दीपक दिवाकर निवासी रामनगर को दबोचा। आरोपी के पास से 4.880 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। नशे की तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने सीज कर दिया। इस मामले में थाना बेतालघाट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे की किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें ताकि समाज को इस बुराई से मुक्त किया जा सके।

