“पुलिस आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत थाना पुरोला में एसपी उत्तरकाशी का जनसंवाद, पुलिस–जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु

“पुलिस आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत थाना पुरोला में एसपी उत्तरकाशी का जनसंवाद, पुलिस–जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु
Spread the love

उत्तरकाशी ।पुलिस और जनता के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित करने, पब्लिक फ्रेंडली पुलिसिंग को बढ़ावा देने तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से “पुलिस आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय द्वारा थाना पुरोला में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक संगठनों, महिला कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों एवं पत्रकार बंधुओं ने प्रतिभाग किया।

जनसंवाद के दौरान एसपी उत्तरकाशी ने उपस्थित नागरिकों की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा बेहतर पुलिसिंग के लिए सुझाव प्राप्त किए। इस अवसर पर महिला अपराध, साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा एवं नशा मुक्ति जैसे संवेदनशील विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान करते हुए उपस्थित लोगों को जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अपराध नियंत्रण में समाज की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। नशा, साइबर अपराध एवं महिला अपराध के प्रति समाज जितना अधिक जागरूक होगा, इन दुष्प्रवृत्तियों पर उतना ही प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।

साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए उन्होंने आमजन से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग सावधानीपूर्वक करें, किसी के साथ ओटीपी साझा न करें तथा साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल 1930 पर सूचना दें।

सड़क सुरक्षा पर जोर देते हुए एसपी उत्तरकाशी ने हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, रैश ड्राइविंग तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने जैसे यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की।
नशा मुक्ति को सामाजिक दायित्व बताते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। यदि कहीं अवैध शराब अथवा मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

कार्यक्रम के समापन पर पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित नागरिकों को आश्वस्त किया कि जनसमस्याओं के समाधान हेतु पुलिस सदैव तत्पर है तथा किसी भी शिकायत की अनदेखी नहीं की जाएगी।

जनसंवाद कार्यक्रम से पूर्व पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना पुरोला का वार्षिक निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, कार्यालय, मालखाना, सीसीटीएनएस कार्यालय, बैरिक, भोजनालय एवं हवालात की साफ-सफाई का जायजा लिया गया। साथ ही शस्त्रों एवं आपदा उपकरणों का निरीक्षण कर जवानों की वेपन एवं आपदा उपकरणों की हैंडलिंग परखी गई तथा शस्त्रों की नियमित साफ-सफाई एवं आपदा उपकरणों के संचालन का निरंतर अभ्यास करने के निर्देश दिए गए।

थाने के कार्यों की समीक्षा करते हुए सीएम पोर्टल एवं अन्य ऑनलाइन माध्यमों से प्राप्त जनशिकायतों के प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण, लम्बित माल मुकदमाती एवं लम्बित विवेचनाओं का गुण-दोष के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

सभी पुलिसकर्मियों को निष्ठापूर्वक ड्यूटी करने, जनता के साथ सभ्य व्यवहार रखने तथा थाने पर आने वाले प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या सुनकर सही मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार, थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत, वाचक पुलिस अधीक्षक कोमल सिंह रावत, उ0नि0 अक्षु रानी, आशुलिपिक कैलाश शाह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

जनसंवाद कार्यक्रम में व्यापार मंडल अध्यक्ष अंकित पंवार, कोषाध्यक्ष उपेंद्र राणा, सामाजिक कार्यकर्ता बलदेव असवाल, उपेंद्र असवाल, व्यापार मंडल उपाध्यक्ष उमेन्द्र सिंह रावत, पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष सोनू कपूर, मां कल्याणकारी समिति की अध्यक्ष मीना सेमवाल सहित रेखा रावत, जसोदा देवी, तनू, बनीता, राजकुमारी देवी एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles