“खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को विकसित करता है” :अभिनव थापर
देहरादून।एस.जी.आर.आर. पब्लिक स्कूल, पुलिस लाइन, देहरादून में आज वार्षिक खेल दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री अभिनव थापर ने अपनी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाई। इस अवसर पर अतिथि प्रशिक्षक शौर्य और भारत भी उपस्थित रहे।
खेल दिवस के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं — 100 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़, स्किपिंग रेस, हॉप रेस तथा वियर एंड रन रेस — में सक्रिय भागीदारी की। पूरे कार्यक्रम के दौरान छात्रों में जोश, उत्साह और खेल भावना देखने को मिली।
मुख्य अतिथि श्री अभिनव थापर ने विजेताओं को पदक पहनाकर सम्मानित किया और विद्यार्थियों के आत्मविश्वास एवं प्रदर्शन की सराहना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को विकसित करते हैं, जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता के लिए आवश्यक हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती प्राची जुयाल ने अपने उद्बोधन में बताया कि इस वर्ष विद्यार्थियों की भागीदारी 70 प्रतिशत रही, जो अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने छात्रों को अगले वर्ष और अधिक जोश के साथ भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
अतिथि प्रशिक्षक शौर्य एवं भारत ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत और लगन से आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन आराधना चमोली ने किया, जबकि मेनका शाह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएँ एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

