फर्जी शस्त्र लाइसेंस गिरोह पर STF का बड़ा प्रहार, 11वीं गिरफ्तारी के साथ हथियार और कारतूस बरामद

Spread the love

देहरादून।उत्तराखंड में फर्जी शस्त्र लाइसेंस और अवैध हथियारों के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) का ‘ऑपरेशन प्रहार’ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रहा है। मुख्यमंत्री के “अपराध मुक्त उत्तराखण्ड” विजन और पुलिस महानिदेशक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ ने काशीपुर क्षेत्र में देर रात छापेमारी कर फईम अहमद को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक .32 बोर सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल और 9 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

जांच में सामने आया है कि आरोपी ने शाहजहांपुर के नाम पर फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनवाया था। इस मामले में पहले दर्ज एफआईआर की विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

एसएसपी एसटीएफ ने कहा कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस और अवैध हथियारों का संगठित नेटवर्क राज्य की कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा है। एसटीएफ इस पूरे सिंडिकेट की जड़ों तक पहुंचकर सभी दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करेगी। उन्होंने फर्जी या संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस धारकों से स्वेच्छा से अपने हथियार और लाइसेंस सहित एसटीएफ के समक्ष आत्मसमर्पण करने की अपील भी की।

अब तक ऑपरेशन प्रहार के तहत राज्य में 3 मुकदमे दर्ज, 11 आरोपियों की गिरफ्तारी, 15 अवैध हथियार, 350 कारतूस तथा बड़ी संख्या में फर्जी और संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस बरामद किए जा चुके हैं।

एसटीएफ ने आम जनता से भी अपील की है कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस या अवैध हथियारों से संबंधित कोई भी सूचना तत्काल साझा करें। सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles