अवैध शराब बिक्री पर सख्ती, जिलाधिकारी ने दिए सघन चेकिंग के निर्देश
रिपोर्ट। ललित जोशी
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल सहित पूरे जनपद में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने आबकारी विभाग को सख्त निर्देश जारी किए हैं।
उन्होंने कहा कि जिले में कहीं भी अवैध शराब की बिक्री न हो, इसके लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जाए। प्रत्येक आबकारी निरीक्षक अपने क्षेत्र में अवैध शराब की रोकथाम हेतु सघन अभियान चलाकर प्रतिदिन रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि सरकारी निविदा वाली मदिरा दुकानों में ओवर रेटिंग की शिकायत बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कहीं से भी ऐसी शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि इस प्रकार की शिकायतें शासन एवं प्रशासन की छवि को धूमिल करती हैं, अतः विभाग को पूरी सतर्कता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करना होगा।
