रुद्रप्रयाग पुलिस की सख्त पहल, कांवड़ यात्रा में हुड़दंगियों पर कसा शिकंजा, नियमों का पालन करने वाले श्रद्धालुओं को मिली शाबाशी

रुद्रप्रयाग पुलिस की सख्त पहल, कांवड़ यात्रा में हुड़दंगियों पर कसा शिकंजा, नियमों का पालन करने वाले श्रद्धालुओं को मिली शाबाशी
Spread the love

रुद्रप्रयाग।पवित्र श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा जनपदभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कांवड़ यात्रा की आड़ में पर्वतीय क्षेत्र की शांति व्यवस्था और यात्रा की पवित्रता भंग करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

हाल के दिनों में कुछ दुपहिया वाहन चालकों द्वारा ओरिजिनल साइलेंसर हटाकर पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग किया जा रहा था। इससे ध्वनि प्रदूषण के साथ-साथ यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और स्थानीय निवासियों, बुजुर्गों, विद्यार्थियों एवं मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। जनहित और कांवड़ यात्रा की गरिमा को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाकर ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

जनपद के प्रमुख प्रवेश द्वारों, यात्रा मार्गों एवं विभिन्न कोतवाली क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने दुपहिया वाहनों की सघन जांच की। मॉडिफाइड/पटाखेदार साइलेंसर, ट्रिपल राइडिंग, स्टंटबाजी और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले सैकड़ों वाहनों के मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किए गए, जबकि कई वाहनों को मौके पर ही सीज किया गया।

पुलिस की कार्रवाई के दौरान अनुशासित श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाने का भी प्रयास किया गया। चेकिंग के दौरान **हेलमेट पहनकर एवं यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करते हुए यात्रा करने वाले कांवड़ियों और वाहन चालकों की पुलिस अधिकारियों ने पीठ थपथपाकर सराहना की तथा उनका हौसला बढ़ाया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का पालन करने वाले श्रद्धालुओं का सम्मान और सहयोग किया जाएगा।

रुद्रप्रयाग पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धा और आस्था की आड़ में किसी भी प्रकार की अराजकता, स्टंटबाजी, तेज ध्वनि प्रदूषण अथवा यातायात नियमों का उल्लंघन न करें। नियम तोड़ने वालों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य यात्रा को सुरक्षित रखने के साथ-साथ स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के लिए शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करना है।

देवभूमि खबर

Related articles