HTML tutorial
HTML tutorial

चारधाम यात्रा के बीच चमोली में मेडिकल स्टोर्स पर सख्त निगरानी, नारकोटिक दवाओं की बिक्री की हुई गहन जांच

चारधाम यात्रा के बीच चमोली में मेडिकल स्टोर्स पर सख्त निगरानी, नारकोटिक दवाओं की बिक्री की हुई गहन जांच
Spread the love

चमोली। चारधाम यात्रा 2026 को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संचालित करने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड तथा जिला प्रशासन चमोली द्वारा यात्रा मार्ग पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अपर आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड ताजबर सिंह जग्गी के निर्देश पर उप औषधि नियंत्रक हेमंत नेगी के नेतृत्व में गठित औषधि निरीक्षकों की संयुक्त टीम द्वारा बद्रीनाथ, गोविंदघाट एवं जोशीमठ स्थित विभिन्न औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर्स पर औषधियों के क्रय-विक्रय अभिलेख, एक्सपायरी दवाओं के रख-रखाव, फार्मासिस्ट की उपस्थिति तथा कोल्ड चेन वाली दवाओं के भंडारण की गहन जांच की गई। इसके साथ ही नारकोटिक एवं साइकोट्रॉपिक दवाओं की बिक्री पर विशेष निगरानी रखते हुए यह सुनिश्चित किया गया कि इन दवाओं का नशे के रूप में दुरुपयोग न हो सके।

टीम द्वारा एनडीपीएस एक्ट 1985 तथा औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम 1940 के तहत रखे गए रजिस्टर, बिल बुक और स्टॉक का भी सत्यापन किया गया। दवा विक्रेताओं को बिना डॉक्टर के वैध प्रिस्क्रिप्शन के शेड्यूल्ड एवं नारकोटिक दवाओं की बिक्री न करने के सख्त निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

निरीक्षण दल ने सभी दवा व्यवसायियों को औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 तथा नियमावली 1945 के प्रावधानों के अंतर्गत ही दवा व्यवसाय संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रियों को 24 घंटे आवश्यक जीवन रक्षक दवाएं उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने एवं जरूरी दवाओं का पर्याप्त भंडारण बनाए रखने को कहा गया।
जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यात्रा मार्ग पर आवश्यक दवाओं की किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए तथा दवाओं का नशे के लिए दुरुपयोग रोकने हेतु कड़ी निगरानी रखी जाए, ताकि चारधाम यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संचालित होती रहे।

औषधि निरीक्षक चमोली हार्दिक भट्ट ने कहा कि यात्रा मार्ग पर नशे के दुरुपयोग को रोकना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विभाग एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर नारकोटिक दवाओं की हर खरीद-बिक्री पर कड़ी नजर रखी जा रही है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण दल में औषधि निरीक्षक रुद्रप्रयाग अमित आजाद एवं औषधि निरीक्षक चमोली हार्दिक भट्ट शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles