ग्राउंड जीरो पर डीएम-एसपी की मॉनिटरिंग से सुगम बनी चारधाम यात्रा, बद्रीनाथ धाम तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा

ग्राउंड जीरो पर डीएम-एसपी की मॉनिटरिंग से सुगम बनी चारधाम यात्रा, बद्रीनाथ धाम तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा
Spread the love

चमोली।विश्व प्रसिद्ध श्री बद्रीनाथ धाम यात्रा को प्रारंभ हुए लगभग एक माह पूरा होने जा रहा है। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु भगवान बद्रीविशाल के दर्शन के लिए उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। भारी भीड़, बदलते मौसम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद चमोली प्रशासन एवं पुलिस की लगातार मॉनिटरिंग तथा ग्राउंड लेवल पर सक्रिय मौजूदगी के चलते यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारू रूप से संचालित हो रही है।

इसी क्रम में जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार द्वारा चमोली से लेकर श्री बद्रीनाथ धाम तक यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर हर छोटी-बड़ी व्यवस्था का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील स्लाइडिंग जोन, पहाड़ी कटिंग क्षेत्रों, संकरे मार्गों एवं संभावित भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का गहन निरीक्षण किया।

डीएम एवं एसपी ने संबंधित विभागों, बीआरओ, एनएच, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए सभी संवेदनशील स्थानों पर 24 घंटे अलर्ट मोड में कार्य किया जाए। उन्होंने जेसीबी, पोकलैंड, हाइड्रा, मलबा हटाने वाली मशीनों और पर्याप्त मैनपावर को हर समय मौके के आसपास तैयार रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मार्ग को न्यूनतम समय में दोबारा सुचारू किया जा सके।

बीआरओ कैंप ज्योतिर्मठ में बीआरओ के कर्नल अंकुर महाजन के साथ बैठक कर ज्योतिर्मठ से मारवाड़ी तक खराब सड़क की मरम्मत एवं हाथी पर्वत के नीचे सड़क कटाव की समस्या को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने ज्योतिर्मठ-मारवाड़ी मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर यातायात संचालन को और अधिक सुगम बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों, यातायात कर्मियों और कर्मचारियों से संवाद करते हुए श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार एवं सेवा भाव से कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही पार्किंग व्यवस्था, बैरियर व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और मेडिकल सहायता व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।

इसके बाद डीएम एवं एसपी श्री बद्रीनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान बद्रीविशाल के दर्शन कर मंदिर क्षेत्र, दर्शन व्यवस्था, श्रद्धालुओं की कतार, पार्किंग स्थल, कंट्रोल रूम एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया। श्रद्धालुओं ने पुलिस एवं प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए यात्रा को पहले की अपेक्षा अधिक व्यवस्थित और सुगम बताया।

इसके पश्चात अधिकारी माणा पहुंचे, जहां ग्राम प्रधान धर्मेन्द्र चौहान, पूर्व ग्राम प्रधान पीताम्बर मोल्फा एवं अन्य अधिकारियों के साथ यात्रा संचालन और व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई। माणा पार्किंग एवं घस्तोली पार्किंग का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण कार्यक्रम के समापन के बाद श्री बद्रीनाथ थाना परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें चारधाम यात्रा के दौरान उत्कृष्ट कार्य, अनुशासित ड्यूटी एवं सराहनीय सेवा देने वाले पुलिस जवानों को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित किया गया।

डीएम एवं एसपी ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि देवभूमि आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए मित्र, मार्गदर्शक और संकटमोचक की भूमिका भी निभा रही है। यात्रा मार्ग पर तैनात जवान कठिन परिस्थितियों में दिन-रात ड्यूटी कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

इस दौरान उपजिलाधिकारी चमोली राजकुमार पाण्डे, उपजिलाधिकारी ज्योतिर्मठ चन्द्रशेखर वशिष्ठ, पुलिस उपाधीक्षक होशियार पंखोली, पुलिस उपाधीक्षक (प्रशिक्षु) दक्ष शोखंद, पुलिस उपाधीक्षक (प्रशिक्षु) दिवेश उपाध्याय, प्रभारी निरीक्षक चमोली राकेश भट्ट, प्रभारी निरीक्षक जोशीमठ देवेन्द्र रावत, थानाध्यक्ष नवनीत भण्डारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles