सशक्त पुलिस परिवार ही मजबूत पुलिस व्यवस्था की आधारशिला: एसपी कमलेश उपाध्याय
उत्तरकाशी। एसपी कमलेश उपाध्याय ने कहा कि सशक्त पुलिस परिवार ही मजबूत पुलिस व्यवस्था की आधारशिला है। इसी उद्देश्य से पुलिस लाइन उत्तरकाशी में पुलिस परिवार की महिलाओं के साथ एक गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और सुझावों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना गया।
गोष्ठी के दौरान पुलिस परिवार की महिलाओं द्वारा उठाई गई कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
एसपी कमलेश उपाध्याय ने कहा कि पुलिस बल के सुचारु संचालन और जवानों के मनोबल को मजबूत बनाए रखने में पुलिस परिवार की महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि पुलिस परिवार की महिलाओं की समस्याओं और आवश्यकताओं को समझना तथा उनका समाधान करना उनकी नैतिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने सभी महिलाओं को आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे बिना संकोच पुलिस प्रशासन को अवगत कराएं। समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को महिला अपराध, घरेलू हिंसा, महिला सुरक्षा से जुड़े नवीन कानूनी प्रावधानों तथा साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही डायल-112 और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की उपयोगिता के बारे में भी जागरूक किया गया।
गोष्ठी में उपनिरीक्षक गीता, प्रभारी महिला काउंसलिंग सेल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

