चार वर्षीय मासूम की हत्या में वांछित सूरज पुलिस की गिरफ्त में , टीम ने मैनुअल पुलिसिंग से किया बड़ा खुलासा
बिना मोबाइल-सर्विलांस किया आरोपी का पीछा #600 से अधिक CCTV खंगालकर सूरज को दबोचा #एसएसपी ने टीम को ₹5,000 व आईजी ने ₹25,000 का इनाम घोषित किया।
हरिद्वार।कोतवाली नगर क्षेत्र के रोड़ीबेलवाला में चार वर्षीय मासूम की निर्मम हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी सूरज को हरिद्वार पुलिस ने कड़ी मेहनत और मैनुअल पुलिसिंग के बल पर गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी कप्तान प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के नेतृत्व में की गई एक बेहतरीन टीम वर्क का परिणाम है।
आरोपी सूरज न तो मोबाइल फोन का इस्तेमाल करता था और न ही उसके बारे में ठोस जानकारी उपलब्ध थी। हरिद्वार पुलिस ने लगभग 600-700 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, सोशल मीडिया के ज़रिए भी जन सहयोग लिया, और लक्सर के एक खंडहर से सूरज को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सूरज ने बताया कि उसकी मृतका की मां से संबंध थे, जिसे पति ने आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसी अपमान का बदला लेने के लिए सूरज ने दंपति की मासूम बच्ची की गला घोंटकर हत्या कर दी और फरार हो गया।
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने स्वयं मामले की कमान संभाली, टीमों का गठन किया और पूरे अभियान की निगरानी की। उन्होंने इस केस को ‘अंधेरे में सुई ढूंढने’ जैसा बताते हुए टीम के कार्य की सराहना की। आईजी गढ़वाल रेंज द्वारा ₹25,000 और एसएसपी हरिद्वार द्वारा ₹5,000 के इनाम की घोषणा की गई।
गिरफ्तार आरोपी: सूरज उर्फ सूरजभान पुत्र रामसिंह, निवासी कासगंज (उ.प्र.), हाल निवासी – झुग्गी, रोडीबेलवाला, हरिद्वार।
प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह, निरीक्षक नरेंद्र सिंह (CIU), उपनिरीक्षक विरेन्द्र चंद रमोला, सतेन्द्र भण्डारी, अंशुल अग्रवाल, चरण सिंह, आशीष नेगी, प्रदीप कुमार समेत 22 अन्य अधिकारियों व कर्मियों की टीम शामिल रही।
