उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि ने कोरोनेशन अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि ने कोरोनेशन अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
Spread the love

देहरादून।जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशानुसार उप जिलाधिकारी सदर एवं प्रभारी अधिकारी स्वास्थ्य विभाग हरिगिरि ने आज जिला चिकित्सालय कोरोनेशन का औचक निरीक्षण किया और अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंजीकरण कक्ष, वार्ड, दवाई काउंटर, चंदन लैब काउंटर, आशाघर सहित पूरे परिसर का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाएं परखी।

उप जिलाधिकारी ने दवाई काउंटर पर उपलब्ध दवाओं की सूची स्पष्ट रूप से चस्पा करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को आवश्यक दवाओं की उपलब्धता की जानकारी मिल सके। साथ ही, उन्होंने स्टॉक की अद्यतन जानकारी रखने और इसकी नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए। पंजीकरण कक्ष में उपस्थित कर्मचारियों की संख्या और उनकी उपस्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने ड्यूटी पर तैनात महिला एवं पुरुष जवानों को मरीजों की सहायता करने और कतारबद्ध व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

चंदन लैब काउंटर का निरीक्षण करते हुए उन्होंने वहां कार्यरत कर्मियों की संख्या बढ़ाने और फर्म को इस संबंध में निर्देशित करने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि मरीजों की जांच रिपोर्ट का प्रिंट निकालकर हार्ड कॉपी दी जाए, ताकि उन्हें बार-बार भटकना न पड़े। इसी दौरान, उप जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन ब्लड बैंक और हिलांस आउटलेट का निरीक्षण किया और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल में मिली कमियों को जल्द से जल्द दूर करने के निर्देश दिए गए, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

अस्पताल परिसर में पार्किंग निर्माण की आवश्यकता को देखते हुए उन्होंने आरईएस अधिकारियों को इसके संबंध में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज शर्मा, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यशपाल सिंह चौहान, डॉ. दिनेश चौहान, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजू सब्बरवाल और डीपीओ डी.एस. नेगी भी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles