स्कूलों में सुविधा उपलब्ध कराने हेतु अध्यापक सजग रहें, फंड की जिम्मेदारी मेरीः सविन बंसल
देहरादून ।उत्तराखंड परिषदीय परीक्षा 2025, विद्यालयों में आपदा प्रबंधन क्षमता संवर्धन और ‘प्रोजेक्ट उत्कर्ष’ के बारे में जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में सोमवार को हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र (ऑडिटोरियम), गढीकैंट नीम्बूवाला देहरादून में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जनपद के सभी विद्यालयों के प्राधानाचार्य, केंद्र व्यवस्थापक और कस्टोडियन सहित प्राजेक्ट उत्कर्ष से जुड़े सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों और कस्टोडियनों को निर्देश दिया कि उत्तराखंड परिषदीय परीक्षा को नकलविहीन और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न करना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में नकलविहीन परीक्षा शामिल है, इसलिए इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि सभी विद्यालयों को शांतिपूर्ण परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा फोर्स मुहैया करवाई जाएगी।
विद्यालयों में आपदा प्रबंधन और क्षमता संवर्धन के विषय में जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों का अधिकांश समय स्कूलों में ही बितता है, इसलिए विद्यालयों में बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण प्रदान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों में आपदा से बचाव के लिए जो प्रशिक्षण दिया जा रहा है, उसे बच्चों को सिखाया जाए। इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी और मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया गया कि वे सभी शिक्षकों को इस विषय पर पूरा प्रशिक्षण दें।
सरकारी विद्यालयों में गुणवत्ता और संसाधनों की कमी को दूर करने के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल के द्वारा चलाया जा रहा प्रोजेक्ट उत्कर्ष बड़ी सफलता की ओर बढ़ रहा है। इस प्रोजेक्ट के पहले चरण में विद्यालयों में फर्नीचर, स्मार्ट क्लासेस, वाइट बोर्ड, शुद्ध पेयजल, शौचालय, कक्षाओं में पर्याप्त रोशनी, वॉल पेंटिंग और सौंदर्यीकरण के कार्य किए गए थे। इसके लिए 94 लाख रुपये की धनराशि आवंटित की गई थी। इस परियोजना के दूसरे चरण में एक करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। जिलाधिकारी ने इस परियोजना की सराहना करते हुए अधिकारियों से इसे बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए पूरी जिम्मेदारी से आगे बढ़ाने का आग्रह किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने प्रोजेक्ट उत्कर्ष की सराहना की और कहा कि यह सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए वरदान साबित हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि देहरादून पुलिस इस परियोजना में अपना पूरा योगदान देगी और जनपद के किसी एक विद्यालय को गोद लेकर वहां सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि डीएम के नेतृत्व में प्रोजेक्ट उत्कर्ष के तहत सरकारी विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं और तकनीकी संसाधनों से लैस करने के प्रयास निरंतर जारी हैं। उन्होंने सभी अध्यापकों से आग्रह किया कि वे विद्यालयों में परीक्षा को लेकर सजग रहें और अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करें।

