जनपद में धूमधाम से मनाया जाएगा स्व. इन्द्रमणि बड़ोनी जी का 100वां जन्मदिवस
गोपेश्वर। अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश की अध्यक्षता में बुधवार को स्वर्गीय श्री इन्द्रमणि बड़ोनी जी के 100वें जन्मदिवस (24 दिसम्बर) को धूमधाम से मनाए जाने को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि यह कार्यक्रम जिला पंचायत सभागार, गोपेश्वर में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद के समस्त कार्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में स्व. श्री इन्द्रमणि बड़ोनी जी के चित्र पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके साथ ही स्थानीय भाषा में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन तथा कवि सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस अवसर पर जनपद के सभी शैक्षणिक संस्थानों में गढ़वाली भाषा में निबंध, पेंटिंग, वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के साथ-साथ स्थानीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी श्रीकांत पुरोहित, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, कोषाधिकारी राजीव कांत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

