शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने वाला आरोपी बिजनौर से गिरफ्तार
देहरादून।शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने बिजनौर से गिरफ्तार किया है। थाना रायपुर निवासी एक महिला ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि रोहित ठाकुर नामक युवक ने उनकी पुत्री को शादी का झांसा देकर उसके साथ बलात्कार किया। शिकायत के आधार पर थाना रायपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
प्रकरण की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने थाना रायपुर की पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने सुरागरसी और पतारसी करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। मुखबिर से मिली सूचना पर 13 अक्टूबर 2025 को आरोपी रोहित ठाकुर को जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित ठाकुर पुत्र दीपक ठाकुर निवासी ग्राम नारायणपुर रामजी उर्फ तेलीपुरा, थाना नगीना, जिला बिजनौर (उ.प्र.), उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में म0उ0नि0 रजनी चमोली, अ0उ0नि0 सुनील रावत और का0 नरेन्द्र भण्डारी शामिल रहे।
