श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय, 23 अप्रैल को खुलेंगे श्री बदरीनाथ धाम के कपाट
चमोली। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वसंत पंचमी के अवसर पर शुक्रवार, 23 जनवरी को नरेंद्रनगर स्थित टिहरी राज दरबार में श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि का विधिवत निर्धारण किया गया।
श्री बदरीनाथ–केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि कपाट खुलने की तिथि तय होते ही आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं तथा यात्रा व्यवस्थाओं से संबंधित कार्य योजनाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शीतकालीन यात्रा के साथ-साथ आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों पर विशेष फोकस रहेगा। इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं को बधाई देते हुए चारधाम यात्रा के लिए आमंत्रण भी दिया।
कपाट खुलने की तिथि निर्धारण के कार्यक्रम के तहत टिहरी राजमहल की ओर से शुक्रवार प्रातः साढ़े दस बजे से धार्मिक समारोह प्रारंभ हुआ। दोपहर बाद महाराजा मनुजयेंद्र शाह की उपस्थिति में पूजा-अर्चना के पश्चात राजपुरोहित आचार्य कृष्ण प्रसाद उनियाल ने पंचांग गणना एवं महाराजा की जन्मकुंडली का अवलोकन कर विधि-विधान से श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि का निर्धारण किया। तिथि घोषित होते ही गाडू घड़ा तेल कलश यात्रा की तिथि भी तय कर दी गई।
इससे पूर्व श्री डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के प्रतिनिधियों द्वारा गाडू घड़ा तेल कलश राजमहल को सुपुर्द किया गया।
समारोह में महाराजा मनुजयेंद्र शाह के साथ सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, रावल अमरनाथ नंबूदरी, उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल सहित मंदिर समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में धर्माचार्य, जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण और श्रद्धालुजन उपस्थित रहे।

