देहरादून पहुंची 16वें वित्त आयोग की टीम, सोमवार को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होगी अहम बैठक
देहरादून।16वें वित्त आयोग की टीम रविवार को देहरादून पहुंची। आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरविंद पनगढ़िया के नेतृत्व में पहुंची टीम का पारंपरिक तरीके से ढोल-दमाऊ की थाप पर स्वागत किया गया। सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक होगी, जिसमें राज्य सरकार आयोग के समक्ष अपना प्रस्ताव रखेगी।
इसके बाद आयोग की टीम नगर निकाय, त्रिस्तरीय पंचायतों के जनप्रतिनिधियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मसूरी रोड स्थित होटल में बैठक करेगी। आयोग की टीम में सदस्य श्रीमती एनी जॉर्ज मैथ्यू, श्री मनोज पांडा, श्री सौम्या कांति घोष, सचिव श्री ऋत्विक पांडे, संयुक्त सचिव श्री केके मिश्रा और संयुक्त निदेशक सुश्री पी. अमरूथावर्षिनी शामिल हैं।
टीम के स्वागत के लिए कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे और आयोग के अध्यक्ष व सदस्यों का अभिनंदन किया।

