उत्तरकाशी में चोरी का आठ घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार; 72 हजार नकद और आईफोन बरामद

उत्तरकाशी। चोरी की घटना का उत्तरकाशी पुलिस ने महज आठ घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से 72 हजार रुपये नकद तथा चोरी के पैसों से खरीदा गया करीब 75 हजार रुपये कीमत का आईफोन 13 प्रो बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में जनपद में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं के त्वरित अनावरण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली उत्तरकाशी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को एक व्यक्ति ने कोतवाली उत्तरकाशी में तहरीर देकर बताया कि जनपद मुख्यालय में उसकी परचून की दुकान है। 12 सितंबर की रात दुकान बंद करने के बाद वह दुकान की नकदी लेकर घर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक युवक ने उसे बातों में उलझाया और उसके बैग से दो लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। तहरीर के आधार पर कोतवाली उत्तरकाशी में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने घटना के शीघ्र अनावरण और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार के निकट पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली उत्तरकाशी दिनेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई।
टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही मैनुअल पुलिसिंग के माध्यम से सुरागरसी-पतारसी करते हुए संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई गई। पुलिस के अनुसार, त्वरित कार्रवाई और लगातार किए गए प्रयासों के बाद मात्र आठ घंटे में घटना का खुलासा करते हुए शिवम डबराल को गिरफ्तार कर लिया गया।
अभियुक्त के कब्जे से चोरी की रकम में से 72 हजार रुपये नकद और चोरी के पैसों से खरीदा गया आईफोन 13 प्रो बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त शिवम डबराल पुत्र रोशन लाल डबराल, निवासी भैरव चौक, उत्तरकाशी, उम्र 21 वर्ष है। पुलिस द्वारा उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संगीता नौटियाल, कांस्टेबल दीपक चौहान, कांस्टेबल सुनील मैठाणी, एसओजी कांस्टेबल काशीष भट्ट, एसओजी कांस्टेबल नीरज रावत तथा सीसीटीवी कंट्रोल रूम की महिला कांस्टेबल पूजा कलूड़ा शामिल रहीं।
