ऋषिकेश में अवैध शराब तस्करी का खुलासा, 146 पव्वे-पाउच के साथ एक गिरफ्तार

ऋषिकेश। अवैध शराब की तस्करी और बिक्री की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग की ऋषिकेश टीम ने एक व्यक्ति को अवैध शराब का परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 96 पव्वे इंपीरियल ब्लू और 50 पाउच माल्टा देशी शराब बरामद की गई। शराब तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी कब्जे में लिया गया है।
आबकारी आयुक्त एवं संयुक्त आबकारी आयुक्त गढ़वाल मंडल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 16 सितंबर 2026 को आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में टीम ने श्यामपुर फाटक के पास चेकिंग के दौरान वाहन संख्या यूके07 एएल-8918 को रोका। तलाशी लेने पर वाहन के पायदान पर रखे एक प्लास्टिक के कट्टे से 96 पव्वे इंपीरियल ब्लू शराब बरामद हुई। वहीं वाहन की डिग्गी की तलाशी लेने पर 50 पाउच माल्टा देशी शराब बरामद किए गए।
मौके से बिट्टू कुमार पुत्र मंटू साहनी, निवासी मणिपुर दहिला, बिहार, हाल निवासी वार्ड संख्या 28, बिंदाल बस्ती, देहरादून को गिरफ्तार किया गया। बरामद शराब और वाहन को कब्जे में लेते हुए आबकारी विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई की।
अभियुक्त के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। आबकारी विभाग की टीम में उप आबकारी निरीक्षक आशीष प्रकाश, अर्जुन सिंह तथा आबकारी सिपाही अंकित कुमार और आशीष चौहान शामिल रहे।
