बंद घर में लाखों की चोरी का खुलासा, अंतरजनपदीय शातिर चोर गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार

बंद घर में लाखों की चोरी का खुलासा, अंतरजनपदीय शातिर चोर गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार
Spread the love

ऊधमसिंह नगर पुलिस ने बंद घर में हुई लाखों रुपये की चोरी का सनसनीखेज खुलासा करते हुए अंतरजनपदीय शातिर चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा अन्य सामान बरामद किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में गठित पुलिस टीमों ने करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस बड़ी चोरी का खुलासा किया।

पुलिस के अनुसार 19 अप्रैल 2026 की रात थाना किच्छा क्षेत्र स्थित आवास विकास कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी चोरी कर ली थी। मामले में वादी राजेन्द्र कुमार गोयल की तहरीर पर थाना किच्छा में मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। लगातार सुरागरसी, पतारसी और तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली। 9 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने केशवनगर कॉलोनी, सितारगंज में दबिश देकर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में दीपक गुप्ता उर्फ जगदीश गुप्ता निवासी बहेड़ी हाल निवासी केशवनगर सितारगंज, अकील अहमद निवासी खटीमा तथा दीपक रस्तोगी उर्फ लड्डू निवासी शाहजहांपुर शामिल हैं।

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 389 ग्राम पीली धातु के आभूषण, 3 किलो 417 ग्राम सफेद धातु के आभूषण, ₹3,00,485 नगद, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, आला नकब, घटना में प्रयुक्त एफजेड यामाहा मोटरसाइकिल, बैग, कपड़े एवं अन्य सामान बरामद किया है।

पूछताछ में अभियुक्तों ने चोरी किए गए कुछ जेवर शाहजहांपुर क्षेत्र के सुनारों को बेचने की बात स्वीकार की है, जिसकी जांच जारी है। मामले में पुलिस ने बीएनएस की अन्य धाराओं की भी बढ़ोतरी की है।

जांच में मुख्य अभियुक्त दीपक गुप्ता उर्फ जगदीश गुप्ता का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है। उसके खिलाफ उत्तराखंड एवं उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में चोरी, नकबजनी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत डेढ़ दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में चोरी, लूट एवं अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

देवभूमि खबर

Related articles