अल्मोड़ा में 54.542 किलो गांजे के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

अल्मोड़ा में 54.542 किलो गांजे के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
Spread the love

अल्मोड़ा।  नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अल्मोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भतरौजखान पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने रात के अंधेरे में बिना नंबर प्लेट की मारुति स्विफ्ट कार से गांजे की बड़ी खेप लेकर जा रहे तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 54.542 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 13 लाख 63 हजार 550 रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार को भी सीज कर दिया है।

एसएसपी चंद्रशेखर घोडके द्वारा जनपद को नशामुक्त बनाने और “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” को सफल बनाने के लिए मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में चेकिंग बढ़ाने तथा गांजा, चरस, स्मैक सहित अन्य मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष भतरौजखान अवनीश कुमार और प्रभारी एसओजी अल्मोड़ा सुनील धानिक के नेतृत्व में 2 और 3 अक्टूबर की मध्यरात्रि को भतरौजखान पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम चौकी तिराहा जैनल, भिकियासैंण मार्ग पर चेकिंग अभियान चला रही थी।

चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने बिना नंबर प्लेट की मारुति स्विफ्ट कार को रोककर उसमें सवार तीन व्यक्तियों और वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से चार कट्टे बरामद हुए। इनमें क्रमशः 16.272 किलोग्राम, 9.200 किलोग्राम, 14.030 किलोग्राम और 15.040 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। कुल बरामद गांजे का वजन 54.542 किलोग्राम है।

पुलिस ने मौके से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त वाहन को एनडीपीएस अधिनियम के तहत सीज कर दिया। मामले में थाना भतरौजखान में मुकदमा अपराध संख्या 22/2026, धारा 8/20/60 एनडीपीएस अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस बरामद गांजे के आगे और पीछे के नेटवर्क की भी गहनता से जांच कर रही है, ताकि तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।

गिरफ्तार आरोपियों में 21 वर्षीय अफ्फान पुत्र निसार अहमद और 20 वर्षीय अदनान पुत्र अजहर अली, दोनों निवासी मोहल्ला अब्बलपुरी, टांडा बादली, जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश, तथा 23 वर्षीय अजय चौहान पुत्र हरि सिंह, निवासी ग्राम फन्तावाला, टांडा बादली, जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश शामिल हैं।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अवनीश कुमार, अपर उपनिरीक्षक महेन्द्र पाल सिंह, हेड कांस्टेबल राजाराम, हेड कांस्टेबल प्रकाश सिंह, हेड कांस्टेबल श्रवण सैनी, एसओजी अल्मोड़ा के हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार और कांस्टेबल नीरज पाल शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles