नैनीताल में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित

नैनीताल में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित
Spread the love

रिपोर्ट: ललित जोशी

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल सहित पूरे उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं, जबकि पहाड़ों से बड़े-बड़े बोल्डर और मलबा गिरने से कई सड़क मार्ग बाधित हो गए हैं।

नैनीताल व आसपास के क्षेत्रों में स्थिति अधिक विकट बनी हुई है। आल्माकोटेज-बिड़ला मार्ग एवं स्नोव्यू को जाने वाले मार्ग पर सड़क धसक जाने से आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। यहां रह रहे लोगों के लिए यह मार्ग अब खतरा बन गया है। उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी इस मार्ग के धसकने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। उस समय क्षेत्रवासियों ने “रोड नहीं तो वोट नहीं” का नारा बुलंद किया था, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल सड़क की मरम्मत करवाई थी। अब दोबारा मार्ग के धसकने से स्कूली बच्चों, स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जरूरत का सामान भी इसी मार्ग से आता-जाता था, लिहाज़ा लोगों ने प्रशासन से मार्ग को शीघ्र दुरुस्त करने की मांग उठाई है।

लगातार दो दिन से हो रही भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने मंगलवार को आदेश जारी कर जनपद के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया। हालांकि कई अभिभावक और बच्चों को आदेश की जानकारी समय से नहीं मिल सकी, जिसके कारण उन्हें सुबह स्कूल जाना पड़ा। वहां पहुंचने पर जब छुट्टी का पता चला तो अभिभावक और छात्र-छात्राओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। इससे अभिभावकों में नाराज़गी और रोष भी देखा गया।

देवभूमि खबर

Related articles