लगभग 5 लाख रूपये मूल्य की 15.40 ग्राम अवैध स्मैक के साथ दो अभियुक्त गिरफ्तार, तस्करी में प्रयुक्त बुलेरो वाहन सीज
देहरादून । ड्रग्स के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 15.40 ग्राम स्मैक और तस्करी में प्रयुक्त बुलेरो वाहन बरामद किया गया है। पुलिस का यह अभियान मुख्यमंत्री के ड्रग्स फ्री देवभूमि 2025 विज़न को मजबूत दिशा दे रहा है।
जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 20 नवंबर 2025 को पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पाम सिटी के पास एक संदिग्ध बुलेरो वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन में सवार अभियुक्त आदिल तथा हेमन्त सेमवाल के कब्जे से कुल 15.40 ग्राम अवैध स्मैक और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ। दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। तस्करी में प्रयुक्त बुलेरो वाहन संख्या यूके 07 एचडी 8127 को भी सीज कर दिया गया।
पकड़े गए दोनों आरोपी स्वयं भी नशे के आदी हैं और पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे सस्ते दामों में स्मैक खरीदकर उसे महंगे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाने के प्रयास में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। दोनों आरोपियों का पूर्व में भी जेल जाना सामने आया है। इस मामले में थाना पटेलनगर पर मु0अ0सं0 623/2025 धारा 8/21/29/60 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।
अभियुक्तों की पहचान आदिल पुत्र आदिल हुसैन निवासी सी ब्लॉक नई बस्ती रेसकोर्स, पुलिस लाइन के पीछे, थाना नेहरू कॉलोनी, उम्र 38 वर्ष तथा हेमन्त सेमवाल पुत्र जगदीश सेमवाल निवासी देव ऋषि एन्क्लेव (क्रॉस फिट जिम, चक्की वाली गली) थाना पटेलनगर, उम्र 36 वर्ष के रूप में हुई है। हेमन्त से 08.80 ग्राम और आदिल से 06.60 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये आंकी गई है। बरामदगी में बुलेरो वाहन और इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी शामिल हैं।
इस कार्रवाई में उनि शिवदत्त जमलोकी, कांस्टेबल अरविन्द बर्थवाल और कांस्टेबल विपिन कुमार शामिल रहे।

