शैक्षिक भ्रमण हेतु हर ब्लॉक से 2–2 प्रतिभावान छात्रों का चयन, सरकार ने 50 लाख की धनराशि जारी : शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत
देहरादून।विद्यालयी शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम के लिए राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए प्रत्येक विकासखंड से दो-दो प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के चयन की घोषणा की है। इसके साथ ही सरकार ने वित्तीय वर्ष 2024–25 के लिए 50 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त करने की मंजूरी दे दी है, जिसके लिए शासन स्तर से शीघ्र ही शासनादेश जारी किया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत चयनित छात्र-छात्राओं को देश के विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा, जिससे उन्हें कक्षा से परे व्यावहारिक शिक्षण एवं व्यापक अनुभव प्राप्त हो सके।
सूबे के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार की दिशा में लगातार प्रभावी कदम उठा रही है, जिनमें भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम भी शामिल है।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में शिक्षा के प्रति समग्र दृष्टिकोण विकसित करते हुए उन्हें देश की विविधता, इतिहास, आधुनिक शिक्षण प्रणाली, परंपराओं और लोक जीवन की बेहतर समझ प्रदान करना है। योजना के अनुसार कुल 190 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को देश के विभिन्न राज्यों में पाँच दिवसीय शैक्षिक भ्रमण पर भेजा जाएगा, जिनका चयन विकासखंडवार हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के टॉपर दो-दो छात्र-छात्राओं के आधार पर किया जाएगा।
डॉ. रावत ने कहा कि इस भ्रमण से छात्रों में आत्मविश्वास, व्यावहारिक ज्ञान, राष्ट्र की प्रगति की समझ और शिक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही प्रदेश में शिक्षा और योग्यता के स्तर में भी वृद्धि होगी।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को कार्यक्रम के सुदृढ़ क्रियान्वयन के निर्देश देते हुए कहा कि ब्लॉक स्तर पर शीघ्र चयन प्रक्रिया पूरी की जाए और भ्रमण कार्यक्रम की रूपरेखा जल्द तैयार की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि भ्रमण कार्यक्रम के कारण शैक्षिक कैलेंडर प्रभावित न हो और छात्रों के नियमित पठन-पाठन में कोई व्यवधान न आए।

