उत्तराखंड बोर्ड रिजल्ट घोषित, बालिकाओं का दबदबा—हाईस्कूल 92.10% और इंटर 85.11%

उत्तराखंड बोर्ड रिजल्ट घोषित, बालिकाओं का दबदबा—हाईस्कूल 92.10% और इंटर 85.11%
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने रामनगर स्थित परिषद सभागार में रिजल्ट जारी करते हुए सफल विद्यार्थियों को बधाई दी। इस वर्ष इंटरमीडिएट का कुल परिणाम 85.11 प्रतिशत और हाईस्कूल का 92.10 प्रतिशत रहा, जिसमें बालिकाओं ने दोनों ही वर्गों में बेहतर प्रदर्शन किया।

इंटरमीडिएट परीक्षा में 1,02,986 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,00,452 परीक्षा में शामिल हुए और 85,499 उत्तीर्ण हुए। बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 81.93 जबकि बालिकाओं का 88.09 प्रतिशत रहा। यह परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में 1.88 प्रतिशत अधिक है।

वहीं हाईस्कूल परीक्षा में 1,12,266 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे, जिनमें से 1,08,983 परीक्षा में शामिल हुए और 1,00,373 उत्तीर्ण हुए। हाईस्कूल में बालकों का परिणाम 88.03 प्रतिशत और बालिकाओं का 96.07 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्ष से 1.33 प्रतिशत अधिक है।

मेरिट सूची में इंटरमीडिएट में गीतिका पंत और सुशीला मेहदीरत्ता ने 98 प्रतिशत अंक के साथ संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया, जबकि हाईस्कूल में अक्षत गोपाल ने 98.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉप किया। बागेश्वर जनपद ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए इंटर में 94.84% और हाईस्कूल में 96.98% परिणाम के साथ पहला स्थान प्राप्त किया।

शिक्षा मंत्री डॉ. रावत ने टॉपर्स और उनके अभिभावकों से फोन पर बातचीत कर शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह सफलता छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के संयुक्त प्रयास का परिणाम है। उन्होंने परिषद और शिक्षा विभाग की टीम को समय पर परिणाम घोषित करने के लिए बधाई दी।

देवभूमि खबर

Related articles