चारधाम यात्रा के लिए उत्तरकाशी पुलिस को मिली हाईटेक बुलेट बाइक, एसपी ने दिखाई हरी झंडी

चारधाम यात्रा के लिए उत्तरकाशी पुलिस को मिली हाईटेक बुलेट बाइक, एसपी ने दिखाई हरी झंडी
Spread the love

उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए उत्तरकाशी पुलिस ने नई पहल करते हुए हाईटेक बुलेट मोटर साइकिलों को सेवा में शामिल किया है। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने पुलिस लाइन ज्ञानसू से 5 आधुनिक मोटर साइकिलों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इन मोटर साइकिलों को विशेष रूप से गंगोत्री और यमुनोत्री धाम मार्गों पर तैनात किया जाएगा, जहां दुर्गम और संवेदनशील क्षेत्रों में त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके। इससे यातायात नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सहायता में तेजी आएगी।

एसपी ने बताया कि ये बाइक एल्कोमीटर, जीपीएस, लाउड हेलर, सायरन और फ्लैश लाइट जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं। इनके माध्यम से पुलिस लगातार गश्त कर भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्रदान कर सकेगी।

बढ़ती श्रद्धालु संख्या को देखते हुए यह पहल यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगी। साथ ही अवैध गतिविधियों पर नजर रखते हुए कानून व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा।

इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार, प्रतिसार निरीक्षक शिव कुमार, यातायात निरीक्षक सुनील कुमार, उपनिरीक्षक लक्ष्मण चुफाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles