उत्तराखंड का बजट गरीबों, किसानों और नारीशक्ति के उत्थान में सहायक: गणेश जोशी
देहरादून। प्रदेश के कृषि एवं ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने उत्तराखंड सरकार के बजट को गरीबों, युवाओं, किसानों (अन्नदाताओं) और नारीशक्ति के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश के सतत विकास की दिशा में एक अहम कदम साबित होगा और राज्य को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक बनेगा। मंत्री जोशी ने बताया कि इस बार के बजट में पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 13 फीसदी की वृद्धि की गई है, जिससे प्रदेश के विकास कार्यों को और अधिक मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र के विकास और अन्नदाताओं के उत्थान के लिए बजट में विभिन्न योजनाओं के तहत पर्याप्त धनराशि का प्रावधान किया गया है। इसमें किसान पेंशन योजना के लिए 42.18 करोड़ रुपये, हाउस ऑफ हिमालयाज के लिए 15 करोड़ रुपये, मिशन एप्पल योजना के लिए 35 करोड़ रुपये, साईलेज हेतु 40 करोड़ रुपये, दुग्ध मूल्य प्रोत्साहन योजना के लिए 30 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री राज्य कृषि विकास योजना के तहत 25 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना के लिए 12.43 करोड़ रुपये, मिलेट मिशन योजना को बढ़ावा देने के लिए 4 करोड़ रुपये, स्थानीय फसलों को प्रोत्साहित करने के लिए 5.75 करोड़ रुपये और नेशनल मिशन फॉर नेचुरल फार्मिंग के लिए 3.22 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और वित्त मंत्री का आभार जताया।
मंत्री जोशी ने कहा कि सरकार ने नवाचार, आत्मनिर्भरता और प्रदेश की महान विरासत को केंद्र में रखते हुए अपना वार्षिक बजट प्रस्तुत किया है। इस बजट को “NAMO” (नवाचार, आत्मनिर्भरता, महान विरासत, ओजस्विता) के सिद्धांतों पर आधारित बताया गया है, जो राज्य के समग्र विकास को नई गति देगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने कृषि और ग्राम्य विकास पर विशेष ध्यान दिया है, साथ ही युवाओं और नारीशक्ति के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं।
मंत्री ने बताया कि सरकार ने इस बजट में युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए विशेष योजनाएं बनाई हैं। साथ ही, महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए भी विभिन्न योजनाओं का प्रावधान किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा और समाज के हर वर्ग को लाभ पहुंचाएगा।

