उत्तराखंड को मिले 168 बॉण्डधारी MBBS डॉक्टर, चारधाम यात्रा मार्ग व दूरस्थ क्षेत्रों में तैनाती
देहरादून। उत्तराखंड के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को 168 बॉण्डधारी एमबीबीएस चिकित्सक मिल गए हैं। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर से पास आउट इन चिकित्सकों को राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों और चारधाम यात्रा मार्गों पर स्थित चिकित्सा इकाइयों में तैनाती दी गई है, ताकि आम जनता और तीर्थयात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में बॉण्ड व्यवस्था के तहत श्रीनगर मेडिकल कॉलेज से पास आउट 168 एमबीबीएस चिकित्सकों को विभिन्न जनपदों में तैनाती दी गई है। इसकी सूची स्वास्थ्य महानिदेशालय स्तर से सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को भेज दी गई है।
उन्होंने बताया कि बॉण्ड व्यवस्था के अंतर्गत पौड़ी और टिहरी जनपद में 21-21 चिकित्सकों, चमोली और उत्तरकाशी में 20-20, रुद्रप्रयाग में 15, पिथौरागढ़ में 23, अल्मोड़ा में 24 तथा चंपावत और बागेश्वर में 12-12 चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है।
डॉ. रावत ने कहा कि चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए अधिकांश चिकित्सकों को चारों धामों और यात्रा मार्गों से जुड़े अस्पतालों में तैनात किया गया है, जिससे यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों को त्वरित और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इन चिकित्सकों की नियुक्ति अनुबंध की शर्तों के अधीन की गई है। यदि कोई चिकित्सक बिना सूचना के अनुपस्थित रहता है या पद त्यागता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
