DPIIT की स्टार्टअप रैंकिंग में उत्तराखण्ड को ‘लीडर’ का दर्जा, राष्ट्रीय स्तर पर मिला सम्मान

भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग (DPIIT) द्वारा जारी States’ Startup Ecosystem Ranking (5वां संस्करण) में उत्तराखण्ड को मजबूत स्टार्टअप इकोसिस्टम विकसित करने के लिए ‘लीडर’ के रूप में मान्यता प्रदान की गई है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस के अवसर पर उत्तराखण्ड सरकार के उद्योग विभाग को Certificate of Appreciation से सम्मानित किया गया। यह सम्मान इस बात का प्रमाण है कि उत्तराखण्ड ने अपनी प्रभावी स्टार्टअप नीति के माध्यम से नवाचार, उद्यमिता, निवेश प्रोत्साहन और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है।
राज्य की यह उपलब्धि अब राष्ट्रीय स्तर पर सराही जा रही है और उत्तराखण्ड को स्टार्टअप विकास के एक मॉडल राज्य के रूप में देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर कहा कि यह सम्मान पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। राज्य सरकार ने स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए अनुकूल नीतियां, सरल प्रक्रियाएं और मजबूत इकोसिस्टम विकसित किया है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के युवाओं में नवाचार की अद्भुत क्षमता है और सरकार हर स्तर पर उन्हें सहयोग प्रदान कर रही है। यह उपलब्धि प्रदेश के सभी उद्यमियों, स्टार्टअप्स और अधिकारियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।
