जसपाल राणा के निधन पर उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी मंच ने जताया गहरा शोक, बताया प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति
देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी मंच ने प्रसिद्ध निशानेबाज एवं कोच जसपाल राणा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। मंच के पदाधिकारियों ने इसे प्रदेश, देश और खेल जगत के लिए अत्यंत दुखद एवं अपूरणीय क्षति बताया।
प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप कुकरेती ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जसपाल राणा के निधन का समाचार सुनकर विश्वास करना कठिन हो रहा है। उन्होंने कहा कि जसपाल राणा ने अपने पिता के मार्गदर्शन और अपने अथक परिश्रम से न केवल स्वयं भारत का नाम विश्व स्तर पर रोशन किया, बल्कि अनेक युवा निशानेबाजों को प्रशिक्षण देकर उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा भी दी। उनका निधन प्रदेश के लिए एक बड़ा झटका है और उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।
महासचिव रामलाल खंडूड़ी एवं केशव उनियाल ने कहा कि इतनी कम उम्र में जसपाल राणा का इस दुनिया से चले जाना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि अब नई पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि वह जसपाल राणा के सपनों को आगे बढ़ाते हुए देश और प्रदेश का नाम रोशन करे, यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी मंच ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। मंच के प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी, केशव उनियाल, रामलाल खंडूड़ी, प्रदीप कुकरेती सहित अनेक पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए जसपाल राणा के योगदान को सदैव प्रेरणास्रोत बताया।

