देहरादून।देहरादून फुटबॉल एकेडमी (DFA) द्वारा आयोजित उत्तराखंडी पहाड़ी फुटबॉल कप 2026 का भव्य आयोजन डीएफए मैदान, गूलरघाटी रोड, भागीरथी इन्क्लेव, देहरादून में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन अंडर-14, ओपन एज और 45 प्लस वर्गों में किया गया, जिसमें देशभर से बड़ी संख्या में टीमों ने प्रतिभाग किया।
डीएफए के संस्थापक अध्यक्ष एवं हेड कोच डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि टूर्नामेंट 3 जनवरी 2026 से प्रारंभ हुआ और आज फाइनल मुकाबलों के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता लीग-कम-नॉकआउट आधार पर खेली गई। अंडर-14 वर्ग में 8 टीमों, ओपन एज में 12 टीमों और 45 प्लस वर्ग में 10 टीमों ने भाग लिया।
अंडर-14 वर्ग के फाइनल मुकाबले में देहरादून फुटबॉल एकेडमी ने दिल्ली एफसी को 2-1 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। इस वर्ग में डीएफए के अक्स नेगी को बेस्ट प्लेयर तथा आशुतोष भट्ट को बेस्ट गोलकीपर घोषित किया गया।
ओपन एज वर्ग के फाइनल में देहरादून फुटबॉल एकेडमी ने गढ़वाल एफसी दिल्ली को कड़े मुकाबले में टाईब्रेकर के माध्यम से 5-4 से हराकर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। इस वर्ग में अमन फ़र्शेवान (डीएफए) को बेस्ट प्लेयर और प्रियांशु रावत (डीएफए) को बेस्ट गोलकीपर का पुरस्कार दिया गया।
45 प्लस वर्ग के फाइनल मुकाबले में हिमालयन एफसी ऋषिकेश ने पहाड़ी बॉयज एफसी को 2-1 से हराकर खिताब जीता। इस वर्ग में मुकेश नेगी (हिमालयन एफसी) को बेस्ट प्लेयर और विजय बिष्ट (पहाड़ी बॉयज एफसी) को बेस्ट गोलकीपर चुना गया।
समस्त विजेता एवं उपविजेता टीमों को मुख्य अतिथि आर्मी सर्विसेज खिलाड़ी कैप्टन धीरज थापा, पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी मनीष शर्मा, सुनील शर्मा, विनेश राणा एवं रघुबीर कैश द्वारा ट्रॉफी, मेडल, प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
टूर्नामेंट के दौरान डीएफए द्वारा लगभग 650 खिलाड़ियों के लिए निःशुल्क पारंपरिक पहाड़ी भोजन भात, बढ़ू की दाल एवं चाय की व्यवस्था की गई, जिसकी खिलाड़ियों एवं टीम प्रबंधन ने सराहना की।
मैचों में मुख्य रेफरी की भूमिका हर्षित चौहान, हिमांशु, वरुण, विमल रावत, सुनील शर्मा, मनोज, आशीष नेगी, अमन एवं आशय ने निभाई।
समापन अवसर पर डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत ने सभी खिलाड़ियों, टीमों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खेल को जीवन का अभिन्न अंग बनाएं, प्रतिदिन एक से दो घंटे फिटनेस के लिए समय निकालें और नशे, फास्ट फूड व अत्यधिक मोबाइल उपयोग से दूर रहें। उन्होंने बताया कि यह वर्ष का पहला टूर्नामेंट था और आने वाले समय में डीएफए द्वारा वर्षभर में 4 से 5 अन्य टूर्नामेंट आयोजित किए जाएंगे।

