पीटीए शिक्षकों की मांगों पर उत्तरांचल प्रधानाचार्य परिषद का समर्थन,शिक्षा मंत्री से की त्वरित कार्रवाई की अपील

Spread the love

देहरादून – उत्तराखंड के अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत पीटीए शिक्षकों की मांगों के समर्थन में उत्तरांचल प्रधानाचार्य परिषद ने आगे आकर सरकार से शीघ्र समाधान की अपील की है। परिषद के पदाधिकारियों ने दिनांक 16 मई 2025 को माननीय शिक्षा मंत्री को मांग पत्र सौंपते हुए धरने को समाप्त कराने हेतु आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।

बता दें कि अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों के पीटीए शिक्षक पिछले 41 दिनों से माध्यमिक शिक्षा निदेशालय परिसर में शांतिपूर्ण धरना दे रहे हैं। परिषद के महामंत्री श्री अवधेश कुमार कौशिक एवं अध्यक्ष श्री प्रकाश चंद्र सुयाल ने पीटीए शिक्षकों की मांगों को न्यायोचित बताते हुए कहा कि लंबे समय से शिक्षकों को अनदेखा किया जा रहा है, जबकि वे विद्यालय संचालन की रीढ़ हैं।

इस संबंध में माननीय शिक्षा मंत्री जी ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए निदेशक माध्यमिक शिक्षा को उत्तराखंड में कार्यरत पीटीए शिक्षकों के सृजित पदों के सापेक्ष आवश्यक पत्र जारी करने के निर्देश दे दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने पीटीए शिक्षकों को शीघ्र ही राजकीय मानदेय की परिधि में लाने के लिए त्वरित कार्यवाही का आश्वासन भी दिया।

प्रांतीय अध्यक्ष श्री प्रकाश चंद्र सुयाल एवं महामंत्री श्री अवधेश कुमार कौशिक ने शिक्षा मंत्री के इस रुख पर आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि अब पीटीए शिक्षकों को जल्द ही न्याय मिलेगा और उनका धरना समाप्त हो सकेगा। परिषद ने राज्य सरकार से अपील की है कि शिक्षकों के हित में जल्द ठोस निर्णय लिया जाए ताकि शिक्षा व्यवस्था में स्थायित्व और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।

देवभूमि खबर

Related articles