बेहोश हुए बुजुर्ग के लिए देवदूत बनी उत्तरकाशी पुलिस ,बुजुर्ग व्यक्ति ने एसपी से मिलकर व्यक्त किया आभार
उत्तरकाशी। जनपद निवासी 65 वर्षीय श्री राकेश चन्द्र जोशी ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि बीते 15 अक्टूबर को जिला न्यायालय परिसर, उत्तरकाशी में वे अचानक बेहोश होकर गिर गए थे।
वहीं मौजूद पुलिस जवान ललिता प्रसाद शर्मा, महादेव प्रसाद उनियान और अमेन्द्र बिष्ट (चालक, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट उत्तरकाशी) ने तत्काल उनकी सहायता की। जवानों ने समय रहते उन्हें सी.पी.आर. व प्राथमिक उपचार देने के बाद अपने निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहाँ उनका उपचार और देखभाल की गई।
श्री जोशी के अनुसार, पुलिस जवानों की तत्परता और मानवीय संवेदना के चलते उनका जीवन बच सका। अब पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उन्होंने एसपी उत्तरकाशी को धन्यवाद पत्र सौंपकर जवानों को पुरस्कृत करने का आग्रह किया।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए एसपी उत्तरकाशी ने पुलिस जवानों की सराहना करते हुए उनके सम्मान में पुरस्कार देने की घोषणा की।
