राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ में हिंदी दिवस पर विविध कार्यक्रम आयोजित

थत्यूड़। राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ में हिंदी विभाग के तत्वावधान में हिंदी दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आदित्य कुमार मौर्य ने किया। उन्होंने हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और विविधता को जोड़ने वाली सशक्त कड़ी है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. भारती नौटियाल ने किया। इस अवसर पर डॉ. अखिल गुप्ता एवं डॉ. उर्वशी ने हिंदी भाषा के महत्व, वर्तमान समय में उसकी प्रासंगिकता तथा हिंदी के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि हिंदी को समृद्ध बनाने में विद्यार्थियों और युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
हिंदी दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए कविता पाठ, निबंध लेखन एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए हिंदी भाषा, साहित्य, संस्कृति तथा राष्ट्र की एकता में हिंदी की भूमिका से संबंधित अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की ओर से प्रिया, सागर, सविता, विकास एवं मानसी ने हिंदी दिवस के अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए तथा हिंदी भाषा के प्रति सम्मान और अनुराग को अभिव्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. शैलेंद्र, डॉ. कुँवर सिंह, डॉ. कनुप्रिया, डॉ. रवि चंद्र, डॉ. नीरज असवाल, डॉ. संगीता खड़वाल सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति जागरूकता, गौरव एवं आत्मीयता की भावना विकसित करने पर विशेष बल दिया गया। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


