39 लाख की स्मैक के साथ शातिर नशा तस्कर गिरफ्तार

ऊधमसिंहनगर। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली नानकमत्ता पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 130.04 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 39 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के पास से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 3 सितंबर 2026 को कोतवाली नानकमत्ता पुलिस टीम ने डैम पार, ग्राम गिधौर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने कार्रवाई के दौरान गुरदेव सिंह उर्फ टैटू (20 वर्ष) निवासी ग्राम गिधौर, कोतवाली नानकमत्ता को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 130.04 ग्राम स्मैक के अलावा 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से इलेक्ट्रॉनिक तराजू और मोटरसाइकिल संख्या UK06BK-7715 भी कब्जे में ली।
पुलिस के अनुसार इतनी बड़ी मात्रा में बरामद स्मैक की कीमत करीब 39 लाख रुपये है। आरोपी से स्मैक की खरीद-फरोख्त, सप्लाई और तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी को मादक पदार्थ की सप्लाई कहां से मिल रही थी और इसे किन क्षेत्रों में खपाया जाना था।
आरोपी के खिलाफ कोतवाली नानकमत्ता में FIR संख्या 200/2026, धारा 8/21/60 NDPS Act एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
