वीआईपी सुरक्षा तैयारियों का गहन मुआयना: एडीजी अभिसूचना ने दिया ब्रीफिंग, कानून-व्यवस्था मजबूती पर जोर

वीआईपी सुरक्षा तैयारियों का गहन मुआयना: एडीजी अभिसूचना ने दिया ब्रीफिंग, कानून-व्यवस्था मजबूती पर जोर
Spread the love

देहरादून। देहरादून में आगामी वीवीआईपी भ्रमण को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ चुका है। सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को उच्चस्तरीय ब्रीफिंग कर सभी जरूरी निर्देश दिए। सुरक्षा प्रबंधन से लेकर ड्यूटी अनुशासन तक, हर पहलू की बारीकी से समीक्षा की गई, ताकि वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की चूक की गुंजाइश न रहे।

02/11/2025 से प्रस्तावित वीवीआईपी भ्रमण एवं प्रवास को लेकर शुक्रवार को पुलिस लाइन देहरादून में उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक अभिसूचना द्वारा देहरादून और हरिद्वार जनपद के ड्यूटी में नियुक्त राजपत्रित अधिकारियों को ब्रीफ किया गया।

इस मौके पर एडीजी (अपराध एवं कानून व्यवस्था) ने ऑनलाइन जुड़ते हुए अधिकारियों को सुरक्षा के सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। ब्रीफिंग के दौरान सुरक्षा प्रबंध, ड्यूटी बंटवारा, कानून-व्यवस्था की स्थिति और सतर्कता को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

अपर पुलिस महानिदेशक अभिसूचना ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की पहचान सुनिश्चित करें और ड्यूटी कार्ड की जांच करें। उन्होंने सख्ती से कहा कि ड्यूटी के दौरान कोई भी कर्मी अपने पॉइंट को बिना अनुमति न छोड़े और न ही मोबाइल फोन का दुरुपयोग करे। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि वीवीआईपी से मिलने वाले केवल उन्हीं व्यक्तियों को अनुमति दी जाए, जिनके नाम पहले से सूचीबद्ध हों। वीआईपी रूट पर निर्माण सामग्री आदि का न हो, इसका पूर्व निरीक्षण अनिवार्य किया जाए। साथ ही कार्यक्रम स्थल व प्रवास स्थल के आस-पास ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के लिए रूट व कार्यक्रम स्थल के आसपास कड़ी चेकिंग के आदेश दिए गए। ऊँचे भवनों, पानी की टंकियों जैसे स्थानों पर बीडीएस और डॉग स्क्वॉड के माध्यम से सघन चेकिंग कर पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।

इस ब्रीफिंग में हरिद्वार जिले के अधिकारी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक (साइबर/एसटीएफ), पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र, पुलिस महानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

इससे पूर्व सुबह पुलिस लाइन में आईजी साइबर/एसटीएफ, आईजी अभिसूचना और एसएसपी देहरादून द्वारा फोर्स के साथ समग्र सुरक्षा ब्रीफिंग की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

देवभूमि खबर

Related articles