उत्तरकाशी में 23 सितंबर को लगेगा विशाल निःशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर

उत्तरकाशी। 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर 23 सितंबर 2026 को जनपद स्तरीय कार्यक्रम के तहत श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रांगण स्थित हॉल में विशाल निःशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का शुभारंभ सुबह 9 बजे होगा। इस वर्ष राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस की थीम “स्वस्थ भविष्य के लिये आयुर्वेद” निर्धारित की गई है।
शिविर में आमजन को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें रक्तचाप एवं शुगर सहित स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क औषधि वितरण, स्ट्रिप आधारित रक्त परीक्षण, योग के माध्यम से स्वास्थ्य एवं स्वस्थ जीवनशैली संबंधी परामर्श, वजन एवं लंबाई के आधार पर शारीरिक परीक्षण, नाड़ी एवं प्रकृति परीक्षण तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित मशीन से ईसीजी परीक्षण शामिल हैं। इसके अलावा औषधीय पौधों के माध्यम से विभिन्न रोगों से संबंधित उपचार एवं उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी।
राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के तहत राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय पंचकर्म, योग नगर, निकट डिग्री कॉलेज उत्तरकाशी में आयुर्वेद की थीम पर रंगोली भी प्रदर्शित की जाएगी। रंगोली का आयोजन प्रतिभा उनियाल, प्रियंका बैरवाण, रचना नेगी, रामेश्वरी रावत, मनु, सरोजनी देवी एवं अनीता द्वारा किया जाएगा।
निःशुल्क चिकित्सा शिविर में डॉ. कुलदीप नौटियाल, डॉ. अनुज पुरी, डॉ. उपासना उमरियाल, मुख्य फार्मेसी अधिकारी हर्षमणि भट्ट, अमित सोनी, जगमोहन गुसाईं एवं विनोद गुसाईं द्वारा स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी उत्तरकाशी डॉ. रतन मणि भट्ट ने आमजन से शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।
