उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 6 से 11 अक्टूबर तक येलो अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने 6 से 11 अक्टूबर तक प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्जन और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि, प्रदेश के अधिकांश मैदानी जिलों में मौसम सामान्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, 6 से 8 अक्टूबर के बीच 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी होने की संभावना है। इसके बाद 9 से 11 अक्टूबर के बीच करीब 3800 मीटर की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी के आसार हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम के इस बदलाव से तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
मौसम विभाग ने चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में विशेष सतर्कता बरतने की चेतावनी दी है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा 6 और 7 अक्टूबर को नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, देहरादून, टिहरी और पौड़ी जिलों में मध्यम बारिश के साथ तेज गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।


