HTML tutorial
HTML tutorial

‘जन की बात’ से प्रेमनगर में विस्थापितों की रजिस्ट्री के समाधान का रास्ता निकलेगा : अभिनव थापर

‘जन की बात’ से प्रेमनगर में विस्थापितों की रजिस्ट्री के समाधान का रास्ता निकलेगा : अभिनव थापर
Spread the love

देहरादून। कैंट विधानसभा क्षेत्र के प्रेमनगर विंग-3 स्थित एमडीडीए पार्क के सामने बारात घर में ‘जन की बात, अभिनव थापर के साथ’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों से सीधा संवाद कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं, सुझावों और जनमुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों और मातृशक्ति को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।

उत्तराखंड कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अभिनव थापर ने कहा कि ‘जन की बात’ का उद्देश्य जनता के बीच पहुंचकर उनकी वास्तविक समस्याओं को सीधे सुनना और उनके समाधान के लिए ठोस रोडमैप तैयार करना है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं और सुझावों के माध्यम से ही समाधान का रास्ता निकलेगा।

अभिनव थापर ने कहा कि प्रेमनगर में विस्थापितों की रजिस्ट्री का मुद्दा लंबे समय से महत्वपूर्ण जनसमस्या बना हुआ है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 17 रजिस्ट्रियां कराकर इस दिशा में कार्य शुरू किया गया था, लेकिन पिछले एक दशक से भाजपा सरकार द्वारा इस प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाया गया। उन्होंने कहा कि ‘जन की बात’ के माध्यम से विस्थापितों की रजिस्ट्री से जुड़ी समस्या को विस्तार से समझा जाएगा और इसके समाधान की दिशा में ठोस प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रेमनगर में सरकारी अस्पताल की व्यवस्थाओं, शिक्षा, नालों की सफाई, पेयजल और जलभराव सहित लंबे समय से चली आ रही अन्य स्थानीय समस्याओं को भी प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित किया जाएगा। जनता से प्राप्त सुझावों और स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं के आधार पर समाधान का चरणबद्ध रोडमैप तैयार किया जाएगा।

थापर ने कहा कि कैंट विधानसभा क्षेत्र में पिछले कई दशकों से भाजपा का राजनीतिक प्रतिनिधित्व रहा है, इसके बावजूद अनेक मूलभूत जनसमस्याएं आज भी बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं को केवल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित रखने के बजाय जनता के साथ सीधा संवाद कर उनके समाधान की दिशा में ठोस पहल की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि ‘जन की बात’ केवल संवाद का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि जनता की समस्याओं को सुनने, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित करने और समाधान की दिशा में आगे बढ़ने का प्रयास है।

कार्यक्रम का संचालन प्रेमनगर कांग्रेस के मंडल अध्यक्ष कैलाश वाल्मीकि ने किया। इस अवसर पर प्रेमनगर कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट, वाल्मीकि सेवा समिति के अध्यक्ष आशीष देसाई, मांगेराम, अनूप शर्मा, ललिता शर्मा, चंद्रमोहन शर्मा, भुवनेश तलवार और सुरेंद्र लांबा सहित क्षेत्र की मातृशक्ति, वरिष्ठ नागरिक और युवा उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles