वन्यजीव सप्ताह का शुभारंभ, मुख्यमंत्री धामी ने बाइक रैली को दिखाई हरी झंडी
देहरादून।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय से वन्यजीव सप्ताह का विधिवत शुभारंभ किया और वन विभाग की बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली घण्टाघर, परेड ग्राउंड और सर्वे चौक से होती हुई मालसी जू तक पहुँची। हर वर्ष अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में मनाए जाने वाले वन्यजीव सप्ताह का उद्देश्य वन्यजीव संरक्षण और जनजागरूकता बढ़ाना है। इस वर्ष का 74वां थीम “मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व“ रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वन और वन्यजीव हमारे पारिस्थितिकी तंत्र का अभिन्न अंग हैं। मानव और वन्यजीव के बीच सह-अस्तित्व ही प्रकृति की स्थिरता और पर्यावरण संरक्षण की कुंजी है। उन्होंने राज्य की हरित विरासत को सुरक्षित रखने की अपील करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करना हम सबकी जिम्मेदारी है।
उत्तराखण्ड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वन्यजीव सप्ताह के दौरान 02 से 08 अक्टूबर तक दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र में वन्यजीव फोटोग्राफी प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। वहीं 03 अक्टूबर को मालसी जू, देहरादून में वन्यजीव संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम भी होगा।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव वन श्री आर.के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक हॉफ डॉ. समीर सिन्हा, प्रमुख वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक श्री रंजन कुमार मिश्र सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
