महिला सुरक्षा पर जारी निजी सर्वे को महिला आयोग ने किया खारिज – देहरादून की छवि धूमिल करने का लगाया आरोप

महिला सुरक्षा पर जारी निजी सर्वे को महिला आयोग ने किया खारिज – देहरादून की छवि धूमिल करने का लगाया आरोप
Spread the love

देहरादून। गुरुवार (28 अगस्त, 2025) को जारी नेशनल एनुअल रिपोर्ट एंड इंडेक्स (NARI), जो 31 शहरों की 12,770 महिलाओं के सर्वेक्षण पर आधारित है, में महिलाओं का राष्ट्रीय सुरक्षा स्कोर 65% बताया गया। यह आंकड़ा एक निजी कंपनी का है और इसका महिला आयोग से कोई संबंध नहीं है।

दिल्ली में आयोजित निजी कंपनी के नारी 2025 कार्यक्रम में पीवैल्यू एनालिटिक्स द्वारा तैयार सर्वे पर आधारित ‘नारी 2025’ पुस्तक का विमोचन हुआ। इसमें महिलाओं के लिए असुरक्षित शहरों की सूची जारी की गई, जिसे महिला आयोग ने पूरी तरह अस्वीकार किया है।

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने कहा –“सिर्फ 12,770 महिलाओं पर आधारित यह सर्वे बेहद निंदनीय है। देहरादून की महिलाएं भलीभांति जानती हैं कि यहां महिला सुरक्षा को लेकर शासन-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी महिलाओं की सुरक्षा को लेकर संवेदनशील हैं और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाती है।”

उन्होंने कहा कि महिला असुरक्षा के नाम पर देहरादून की छवि धूमिल करना गलत है। इस रिपोर्ट का महिला आयोग से कोई संबंध नहीं है।

कुसुम कण्डवाल ने बताया कि इस पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजय रहाटकर भी मौजूद थीं, लेकिन उन्होंने इस सर्वे का समर्थन नहीं किया। कण्डवाल ने रहाटकर से फोन पर वार्ता की, जिसमें उन्होंने स्पष्ट किया कि इस रिपोर्ट का राष्ट्रीय महिला आयोग से कोई लेना-देना नहीं है।

राज्य महिला आयोग ने इस मामले को गंभीर मानते हुए कहा कि देहरादून का नाम असुरक्षित शहरों की सूची में शामिल करने की पूरी रिपोर्ट तलब की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles