श्रमिकों को निर्धारित मानकों के अनुसार मिले वेतन और सुविधाएं : आर.के. सुधांशु
देहरादून। आर के सुधांशु की अध्यक्षता में सचिवालय सभागार में उद्योग प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रमिकों को न्यूनतम वेतन, ओवरटाइम, बोनस और अन्य सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रमुख सचिव ने सौरव गहरवार, पी सी दुम्का तथा उद्योग प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि सभी श्रमिकों को वैधानिक सुविधाएं समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि सभी औद्योगिक संस्थान श्रम कानूनों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें और औद्योगिक शांति बनाए रखने के लिए श्रमिकों से नियमित संवाद स्थापित करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापक स्क्रीनिंग कर यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी श्रमिकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप वेतन एवं सुविधाएं मिल रही हैं। साथ ही यदि कोई बाहरी व्यक्ति भ्रम या दुष्प्रचार फैलाने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाए।
प्रमुख सचिव ने कहा कि राज्य सरकार और श्रम विभाग श्रमिकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील हैं तथा उनके हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है।
बैठक में श्रीधर बाबू अद्दांकी सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया और श्रमिकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुविधाएं दिए जाने की जानकारी साझा की।

